
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शिवपुर पंचायत के ग्राम बरोटीवाला में ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नप कमेटी के देवीनगर क्षेत्र में भी लोग पीने के पानी को भटक रहे हैं। दून क्षेत्र का पारा साढ़े 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, लेकिन लोग पीने की पानी को तरस रहे है। क्षेत्रवासियों ने विभाग से शीघ्र समस्या का समाधान करने की मांग रखी है।
शिवपुर पंचायत के बरोटीवाला निवासी भगवान दास, ममता, जम्मी, नंदू लाल, सतनाम सिंह, अमरजीत सिंह, राजेश कुमार, रामपाल सिंह, जगदीश व राजपाल ने कहा कि पिछले 10 दिन से पीने के पानी को तरस रहे हैं। गांव के करीब डेढ़ दर्जन परिवारों को पेयजल संकट के दौर से गुजरना पड़ रहा है। मजबूरन लोगों को बांगरन-रामपुर सिंचाई नहर का पानी पीना पड़ रहा है। कभी स्थानीय एक इकाई से पानी ढोते हैं। दिनोंदिन क्षेत्र में उमस व गर्मी बढ़ रही है, लेकिन विभाग इस क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नही ले रहा है। क्षेत्र के लिए एक हैंडपंप मंजूर होने की भी बात कही जा रही है, लेकिन लोगों की समस्याओं के बावजूद हैंडपंप नहीं लगाया गया है। शिवपुर पंचायत प्रधान मनजीत सिंह ने बरोटीवाला गांव में पेयजल संकट की पुष्टि की है। प्रधान ने कहा कि समस्या के बारे में आईपीएच विभाग के उच्चाधिकारियों के समक्ष उठाया है। विभाग से शीघ्र समाधान का आश्वासन मिला है।
वहीं, पांवटा के शहरी क्षेत्र में भी पेयजल संकट गहरा रहा है। करीब आधा दर्जन स्थलों पर पानी की किल्लत शिकायतें मिल रही हैं। सबसे ज्यादा वार्ड-10 व वार्ड 9 में दर्जनों परिवार पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। यहां की बस्तियों में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। देवीनगर क्षेत्र में लोगों को दूर दराज से निजी हैंडपंपों से पानी ढोना पड़ रहा है।
उधर, सहायक अभियंता आईपीएच विभाग पांवटा देवानंद पुंडीर ने कहा कि क्षेत्र के कुछ स्थलों से पेयजल संकट की शिकायतें मिल रही हैं। इन स्थलों पर पेयजल उपलब्ध करवाने के हरसंभव प्रयास हो रहे हैं।
