बरठीं-झंडूता में थमे टैक्सियों के पहिए

झंडूता/ बरठीं (बिलासपुर)। झंडूता और बरठीं में टैक्सी ऑपरेटरों ने मंगलवार को अपनी हड़ताल जारी रखी। यूनियन ने सरकार द्वारा प्रस्तावित टैक्स बढ़ोतरी के निर्णय का विरोध किया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो वह टैक्सी ऑपरेटर 27 जनवरी को उग्र आंदोलन करेंगे।
शिव शक्ति टैक्सी ऑपरेटर यूनियन झंडूता ने प्रस्तावित टैक्स वृद्धि के निर्णय के चलते मंगलवार को भी हड़ताल रखी। इससे क्षेत्र के लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। यूनियन प्रधान रविंद्र शर्मा, उपप्रधान विनोद कुमार, सचिव अनिल, रसीद मोहम्मद, महामंत्री राजपाल, कोषाध्यक्ष जगदीश सिंह, आशीष, जितेंद्र, सुरेश, मुश्ताक, शक्ति, कुलदीप, डिंपल, जगदीश, संजीव, प्यारे लाल, अवतार, इंद्र सिंह, सुरेश ने कहा कि सरकार द्वारा टैक्सी ऑपरेटरों के हितों की अनदेखी की जा रही है। एक तो टैक्स वृद्धि जैसे निर्णय लिए जा रहे हैं। प्राइवेट नंबर पर चल रही गाड़ियों से सवारियां ढोने का कार्य किया जा रहा है। कई बार विभागीय अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया है। मंगलवार को भी प्राइवेट नंबर की गाड़ियां सवारियां ढो रही थीं। इन पर कोई अंकुश नहीं लगाया गया। यूनियन द्वारा 22 जनवरी को भी हड़ताल की जाएगी। बरठीं में दिनभर टैक्सी व ट्राला गाड़ियां अपने स्टैंड पर खड़ी रही। चोरी छिपे चलने वाली गाड़ियों को भी यूनियन के सदस्यों द्वारा रोका गया।

Related posts