
इस्लामाबाद:भारत के सर्वाधिक वांछित आतंकवादियों में शामिल दाउद इब्राहिम की पाकिस्तान में मौजूदगी कबूल करने की अपनी टिप्पणी से पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विशेष दूत शहरयार खान पलट गए हैं।
दाउद को पाकिस्तान से ‘खदेड़ बाहर कर दिए जाने’ और उसके संयुक्त अरब अमीरात :यूएई: में हो सकने की बात कहने के कुछ घंटे बाद अब खान ने कहा है कि उन्हें दाउद के अपने मुल्क में होने या ना होने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। खान भारत के साथ ‘टै्रक…2’ वार्ता :अनौपचारिक वार्ता: के लिए शरीफ के विशेष दूत हैं। उन्होंने मीडिया से कहा, ‘‘जब मैं विदेश मंत्रालय में था या अभी…मुझे कोई जानकारी नहीं है कि दाउद इब्राहिम कहां रहता है। मैं सिर्फ वही जाहिर कर रहा था जो प्रेस कह रहा है, जो पाकिस्तानी प्रेस इस शख्स के बारे में कह रहा है।’’
उन्होंने कहा गृह मंत्रालय को शायद पता होगा लेकिन विदेश मंत्रालय को कोई जानकारी नहीं है। मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि वह पाकिस्तान में है या नहीं, वह कभी वहां था या नहीं। उन्होंने कल कहा था कि दाउद एक समय पाकिस्तान में था। दरअसल, यह पहला मौका है जब किसी पाकिस्तानी अधिकारी ने अंडरवल्र्ड सरगना के अपने मुल्क में मौजूदगी की बात कबूल की।
