
नई दिल्ली। पश्चिम विहार इलाके में बृहस्पतिवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक व्यवसायी को गोली मारकर जख्मी कर दिया। गोली व्यवसायी के पेट में लगी है। पुलिस ने लूटपाट से इंकार किया है। पुलिस को आशंका है कि रोडरेज के दौरान बदमाशों ने व्यवसायी को गोली मारी है।
पुलिस के अनुसार, नरेश अग्रवाल (33) सपरिवार त्रिलोकपुरी में रहते हैं। उसकी त्रिलोकपुरी में परचून की दुकान है। इन दिनों उनकी पत्नी कोमल बच्चों के साथ मीराबाग स्थित अपने मायके में रह रही है। बृहस्पतिवार रात नरेश अपनी नई वैगनआर कार लेकर ससुराल जा रहा था। इसी दौरान पश्चिम विहार के बीजी ब्लॉक के पास कुछ बदमाशों ने उसे गोली मार कर जख्मी कर दिया।
राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने नरेश को बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल पर नरेश के पास से मोबाइल और नगदी मिलने से पुलिस ने लूटपाट की घटना से इंकार किया है। चूंकि कार नई थी और उस पर लर्निंग लिखा हुआ है। इसलिए पुलिस को आशंका है कि कार ड्राइव करने के दौरान किसी ने कहासुनी के बाद उसे गोली मार दी है। फिलहाल पुलिस नरेश के बयान का इंतजार कर रही है।
