
अंब (ऊना)। उपमंडल के बणे-दी-हट्टी में एक युवक ने दराटी से वार कर एक महिला को बुरी तरह घायल कर दिया है जिसे उपचार के लिए अंब स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला के सिर पर लगभग 13 टांके लगे हैं। उधर, अंब पुलिस ने वारदात के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से जानकारी के मुताबिक बणे दी हट्टी में वीरवार रात्रि सिघीं नामक युवक अपने ही मोहल्ले में शोर मचा रहा था। इस पर उसकी पड़ोसी महिला सुनीता देवी पत्नि अश्विनी कुमार ने उसे शोर न मचाने की नसीहत दे डाली। रात के वक्त तो उक्त युवक चुपचाप चला गया लेकिन सुबह होते ही वह अपने घर से दराटी लेकर महिला पर टूट पड़ा एवं महिला के सिर पर दराटी दे मारी। इस कारण महिला बुरी तरह जख्मी हो गई। 108 एंबुलेंस की मदद से उसे खंड चिकित्सालय लाया गया जहां उसका इलाज जारी है। महिला का आरोप है कि उक्त युवक आए दिन मोहल्ले में उत्पात मचाता रहता है। कई बार उसके परिजनों को भी इस बारे में शिकायत की गई लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
उधर, महिला के पति अश्विनी ने बताया कि गनीमत यह रही कि सुबह के वक्त सभी घरवाले मौजूद थे। इस कारण सुनीता को समय पर अस्पताल लाया गया। अन्यथा कोई भी अनहोनी हो सकती थी। मामले की पुष्टि करते हुए अंब थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि युवक की पहचान सिघीं निवासी बणे दी हट्टी के रूप में हुई है। युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
