बणे दी हट्टी में खूनी संघर्ष, एक का सिर फटा

अंब (ऊना)। क्षेत्र के बणे दी हट्टी में दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी को लेकर शुरू हुआ विवाद खून-खराबे में बदल गया। घटना में एक युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया है। इसके सिर पर गहरी चोट लगी है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। वारदात में तीन युवकों को नामजद कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षित कुमार पुत्र अजीत सिंह निवासी भोरंज हमीरपुर ने अंब थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि वह स्थानीय उद्योग में काम करता हैं। रविवार की शाम को वह अपने किराए के मकान के पास से मोटर साइकिल निकाल रहा था। उसकी मोटर साइकिल वहीं पास में रह रहे एक व्यक्ति के किसी सामान के साथ लग गई। इस कारण वह आग बबूला हो गया। परीक्षित की ओर से गलती मान लेने के बावजूद उक्त युवक अपने दो अन्य साथियों को साथ लेकर उस पर टूट पड़ा। तीनों लोगों ने उसे बुरी तरह पीट डाला। इससे उसके सिर पर गहरी चोट आई हैं। डीएसपी अंब मदन कौशल ने बताया कि परीक्षित की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Related posts