
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के बढेड़ा राजपूतां में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में दो सगी बहनों से मारपीट की गई। दोनों बुरी तरह घायल हो गई हैं, जिन्हें उपचार और मेडिकल के लिए गगरेट अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। बढेड़ा राजपूतां में पिछले एक सप्ताह के दौरान खूनी संघर्ष का यह तीसरा मामला सामने आया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरनाम सिंह पुत्र बिशन दास निवासी बढेड़ा राजपूतां ने शिकायत दर्ज करवाई कि शनिवार देर सायं इसी गांव के कुछ लोगों ने जमीनी विवाद के कारण उनकी बेटियों से झगड़ा आरंभ कर दिया। उनके विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों को बुरी तरह पीट डाला है, जिससे वे घायल हो गई हैं। इसके चलते उन्हें इलाज के लिए गगरेट अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने पीड़ित युवतियों के पिता की शिकायत पर बढेड़ा राजपूतां निवासी देस राज, कश्मीरो देवी, पवन कुमार, बख्शो देवी, गिरिधारी लाल, यशपाल, सुरेश कुमार, प्रीत, श्याम लाल, मोहित एवं गीता के खिलाफ आईपीसी की धारा 452, 325, 354, 323, 506, 147, 148, 149 और 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है। एसपी ऊना केसी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है। युवतियों का मेडिकल करवाया जा रहा है। हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच अमल में लाई जाएगी।
