
कुल्लू। पीपल जातर मेले में रस्साकशी को लेकर जोर आजमाइश शुरू हो गई है। रथ मैदान में हो रही रस्साकशी प्रतियोगिता में सोलह महिला मंडलों की टीमें भाग ले रही हैं। बसंतोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए जहां क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है वहीं, रस्साकशी प्रतियोगिता ने भी इस उत्सव का रोमांच बढ़ा दिया है। प्रथम दिन दस महिला मंडलों के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें बड़ाग्रां महिला मंडल टीम ने गदौरी टीम को पराजित कर दिया। वहीं, बनोगी महिला मंडल टीम ने शांगण महिला मंडल टीम को हराया। उशलीधार महिला मंडल टीम ने रोपड़ी महिला मंडल टीम को हराया। पराशर ऋषि महिला मंडल कमांद टीम ने शिव शक्ति महिला मंडल टीम को पटकनी दी। कृष्णा महिला मंडल भूमतीर ने लक्ष्मी महिला मंडल भुट्टी को मात दी। अब 30 अप्रैल को सेमीफाइनल और फाइनल मैच होंगे। रस्साकशी की इस प्रतियोगिता में जहां महिलाएं बेहद रुचि दिखा रही हैं, वहीं महिलाओं के जोश और उत्साह को देखने के लिए भारी भीड़ जम रही है। नगर परिषद अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने कहा कि उत्सव को आकर्षित बनाने के लिए जहां 11 वार्डों की टीमों के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता में भिड़ंत हो रही है वहीं, बैट्रन क्रिकेट प्रतियोगिता का भी आयोजन हो रहा है।
