
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के विभिन्न बाजारों में दुकानदारों ने रेट लिस्ट नहीं लगाई है। दुकानदार ग्राहकों से मनमाने दाम वसूले रहे हैं। प्रशासन भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
उपमंडल के तहत मैहरे, बड़सर, बणी, सलौनी, बिझड़ी, चकमोह, दियोटसिद्ध, गारली आदि बाजारों में दुकानों ने सामान की रेट लिस्ट नहीं लगाई है। इस कारण दुकानदार ग्राहकों से मनमर्जी के रेट वसूल रहे हैं। नियमों के तहत सब्जी, करियाना, स्वीट शॉप और ढाबों में रेट लिस्ट लगी होनी चाहिए लेकिन इन बाजारों में किसी भी दुकानदार ने रेट लिस्ट नहीं लगाई है। स्थानीय लोगों संजय कुमार, राजीव कुमार, विजय कुमार, राजीव कुमार और प्रवीण कुमार ने बताया कि दुकानों में रेट लिस्ट होनी चाहिए, मगर ऐसा नहीं है। यही नहीं, हलवाई मिठाई डिब्बों के साथ तोल रहे हैं। यदि इस बारे में उनसे बात की जाए तो वे बदतमीजी पर उतर आते हैं। ग्रामीणाें ने प्रशासन से मांग की कि ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए।
दुकानदारों को रेट लिस्ट लगाने के आदेश दिए गए हैं। अगर कोई दुकानदार बिना रेट लिस्ट पकड़ा जाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
