
बड़सर (हमीरपुर)। ऊना अघार मंडी सड़क मार्ग पर बड़सर-बंगाणा सीमा के पास निजी बस पलटने से चार लोग घायल हो गए। घायलों को बड़सर अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायलों का उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बड़सर, बंगाणा पुलिस टीम घटना पर रवाना हो गई। बंगाणा थाना पुलिस ने चालक महेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
निजी बस हमीरपुर से ऊना जा रही थी। करीब 11:30 बजे बड़सर सीमा से कुछ आगे नरूट गांव पहुंचते ही बस सड़क में पलट गई। ब्रेक फेल होने के कारण बस मिट्टी ढेर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में पंजाब पुलिस कर्मी मोहन सिंह निवासी काजा लाहौल स्पीति सहित चार लोग घायल हुए हैं। बस में अन्य सवारियों, स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बड़सर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। कुछ अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
बड़सर अस्पताल के डा. सुभाष शर्मा ने बताया कि घायलों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। घटना का पता लगते ही बंगाणा एसडीएस कर्म सिंह प्रशासन टीम सहित बड़सर अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से घायलों को छह हजार रुपये सहायता प्रदान की गई। एक गंभीर घायल मोहन सिंह को तीन हजार तथा शेष अन्य तीन घायलों को एक एक हजार रुपये सहायता दी। घटना का पता लगते ही कांग्रेस नेता एवं पूर्व डिप्टी स्पीकर रामदास मलांगड़ का बेटा राजेंद्र शर्मा, कांग्रेस नेता विनोद लखनपाल भी घायलों का कुशलक्षेम पूछने अस्पताल पहुंचे हुए थे। बंगाणा पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
घायलों में मोहन सिंह पुत्र देव सिंह निवासी गांव काजा जिला लाहौल स्पीति, पूजा कुमारी पत्नी सूरम सिंह गांव खडोल डाक अरलू तहसील बंगाणा जिला ऊना, मदन लाल पुत्र संत राम गांव करमाली डाक नारी देवी तहसील बंगाणा जिला ऊना तथा सकींदरा देवी पत्नी केवल सिंह गांव कैहलवीं डा. तनोह तहसील बंगाणा जिला ऊना शामिल हैं।
