बड़सर तहसील कार्यालय में कर्मचारियों का टोटा

बड़सर (हमीरपुर)। स्थानीय तहसील कार्यालय में कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। कार्यालय में तीन लिपिक, डाटा एंट्री आपरेटर के पद रिक्त चल रहे हैं। तहसील कार्यालय में लिपिकों की कमी से कार्यालय में लोगों के राजस्व संबंधी कार्य में विलंब हो रहा है।
तहसील कार्यालय बड़सर में एक सीनियर असिस्टेंट, दो टीआरए लिपिक, डाटा एंट्री आपरेटर की कमी है। जबकि कार्यालय में राजस्व संबंधी कामकाज के अलावा प्रमाण पत्र लेने वाले युवाओं की भीड़ लगी रहती है। कार्यालय में सुपरिंटेंडेंट के अलावा तीन लिपिक हैं। कार्यालय में तैनात डाटा एंट्री आपरेटर का पद रिक्त होने से समस्या गंभीर हो गई है। कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंप्यूटर में प्रमाण पत्र देने के लिए मात्र एक मात्र कर्मचारी होने से लोगों को परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों विजय कुमार, प्रवीण कुमार, संजीव कुमार, नरेश कुमार, कमल शर्मा, राज कुमार, दिनेश कुमार, अजय कुमार, रमेश कुमार, विनोद कुमार तथा संतोष कुमारी का कहना है कि कार्यालय में कर्मचारियों की कमी के कारण प्रमाण पत्र, राजस्व संबंधी कार्य करवाने में विलंब हो रहा है। उन्होंने कार्यालय में लिपिकों और डाटा एंट्री आपरेटर के पद भरने की मांग की। नायब तहसीलदार ओपी शर्मा ने बताया कि कार्यालय में रिक्त पदों के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।

Related posts