
बड़सर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय बड़सर में छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी की तथा कक्षाओं का बहिष्कार किया। कैंटीन संचालक द्वारा छात्र नेता को कैंटीन से धक्का देने पर छात्र उग्र हो गए। छात्र कालेज प्रशासन पर कैंटीन संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग पर अड़े हुए थे।
बीबीए के छात्र आशीष कुमार ने बताया कि कैंटीन संचालक ने उसके साथ धक्का मुक्की की तथा बीकॉम के रोहित कुमार को मारने की धमकी दी। उनका सामान किताबें भी बाहर फेंक दी। छात्रों ने मंगलवार को शिकायत कालेज प्रशासन से की तथा कैंटीन संचालक को हटाने की मांग की। बुधवार को छात्रों ने सुबह ही कालेज परिसर के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी तथा कालेज प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप जड़ा।
छात्र नेताओं के आह्वान पर कक्षाओं का बहिष्कार किया गया। कालेज प्रशासन ने कैंटीन संचालक व छात्र नेताओं को बुलाया तथा दोनों के पक्ष सुने। कालेज प्राचार्य के कहने पर कैंटीन संचालक ने माफी मांग ली लेकिन छात्र नेता सार्वजनिक माफी की मांग पर अड़ गए। सुबह 9:30 से 12:30 बजे तक तीन घंटे तक नारेबाजी होती रही। कालेज छात्रों आशीष, विनोद, मुनीष, नवीन, सरवंस, विनय, पंकज, अनुज ठाकुर, मदन, बिमल, रोहित, सुरजीत, आशीष, वीरेंद्र, रमनदीप, अक्षय, गौरव, देवेन, सौरभ, विशाल सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने कालेज प्रशासन से कैंटीन संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
कैंटीन संचालक ने बताया कि छात्रों द्वारा कैंटीन में बदतमीजी करने पर बाहर जाने को कहा था। कालेज कार्यकारी प्राचार्य केसी मिन्हास ने बताया कि दोनों पक्षों की बात सुनी तथा कैंटीन संचालक ने माफी मांग ली है लेकिन छात्र सार्वजनिक माफी की बात पर अड़े हैं तथा मामूली से बात को तूल देने का प्रयास कर रहे हैं।
