
नई दिल्ली। बटला हाउस एनकाउंटर मामले में अभियोजन पक्ष ने साकेत स्थित अदालत में तर्क रखे। अतिरिक्त न्यायाधीश राजेंद्र कुमार की अदालत में अभियोजन पक्ष के अधिकारी ने बताया कि आतंकी संगठन इंडियन मुजाहीद्दीन का सदस्य शहजाद वर्ष 2008 में हुए बटला हाउस एनकाउंटर में शामिल था। घटना के समय वह अपने एक साथी के साथ पुलिस पर गोली चलाते हुए फरार हो गया था। अभियोजन पक्ष ने यह भी बताया कि इस एनकाउंटर में दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर एमसी शर्मा की मौत हो गई थी। वहीं, दूसरी तरफ बचाव पक्ष ने अपने मुवक्किल को फर्जी मामले में फंसाने का आरोप लगाते हुए अदालत से घटनास्थल का निरीक्षण करने का आग्रह किया ताकि सच्चाई सामने आ सके।
