
कुल्लू। जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बजौरा के समीप लगाए गए नाकों के दौरान करीब साढ़े तीन किलोग्राम चरस बरामद की है। मौके से एक ही मामले में आरोपी को चरस के साथ गिरफ्तार किया जा सका है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि चरस के दूसरे मामले में तस्कर की खोज की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के दो दल एचएचओ लाल सिंह और हेड कांस्टेबल आलमगीर की अगुवाई में पुलिस टीम बजौरा के समीप नाके लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। उसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक हरियाणा रोडवेज की बस में चरस को तस्कर राज्य से बाहर ले जाने की फिराक में है। पुलिस ने नाके पर बस को तलाशी के लिए रोका तो बस सीट के नीचे लावारिस पड़े बैग को खंगाला गया। इस बैग में पुलिस को 2.320 किलोग्राम चरस मिली। जबकि, दूसरे मामले में बजौरा में नाके के समीप से पैदल जा रहे एक व्यक्ति को शक के आधार तलाशी के लिए रोका तो उसके बैग से 1.150 किलोग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी की पहचान हरियाणा राज्य के सोनीपत जिला के पांछी जतन निवासी कमल जीत के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।
