बच गई दो किशोरियों की जिंदगी

नई दिल्ली। सीताराम बाजार की रहने वाली एक महिला की सूझबूझ से दो किशोरी गलत हाथों में जाने से बच गई। कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर बदहवास मिली दोनों किशोरियों को महिला अपने साथ घर ले गई और बाद में स्थानीय पुलिस को उनके बारे में जानकारी दी। पुलिस ने जांच के बाद दोनों को बिंदापुर इलाके में रहने वाले अपने परिजनों तक पहुंचा दिया है। मध्य जिला पुलिस ने उक्त महिला को पुरस्कृत करने का फैसला किया है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह उत्तम नगर इलाके में रहने वाली 11 और 13 साल की किशोरी घर से स्कूल के लिए रवाना हुई। लेकिन दोनों स्कूल जाने के बजाए द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन से ट्रेन पर सवार होकर कश्मीरी गेट आ गई। कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन से बाहर आने के बाद दोनों आपस में लड़ने लगी। दोनों को रोता देख सीताराम बाजार की रहने वाली राजरानी(47) ने दोनों को रोने का कारण पूछा। उन लोगों ने बताया कि दोनों भागकर यहां आ गई है और अब वह वापस घर जाना चाहती है। बारिश होने की वजह से दोनों भीग गई थी। राजरानी दोनों को अपने घर ले आई और दोनों को अपने बच्चों का कपड़े पहनने को दिए। उसके बाद राजरानी ने उनके पिता से फोन पर बात की।
उनके पिता ने बताया कि वह दोनों के अपहरण की शिकायत बिंदापुर थाने में कर चुके हैं। राजरानी दोनों किशोरियों को लेकर तुर्कमान गेट चौकी पहुंची। स्थानीय पुलिस ने बिंदापुर पुलिस से संपर्क कर किशोरियों के बारे में बताया और बाद में उन्हें बिंदापुर पुलिस के हवाले कर दिया। बिंदापुर पुलिस ने दोनों किशोरियों को उनके परिजनों को सौंप दिया।

Related posts