बच्चों के साथ गुरुजी भी सीखेंगे कंप्यूटर

चंबा। जिला के सरकारी स्कूल में जिन शिक्षकों को कंप्यूटर चलाना नहीं आता अब वे भी अब कंप्यूटर चलाना सीखेंगे। ऐसे शिक्षकों को आईटी शिक्षकों की ओर से कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिला चंबा के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में आईटी शिक्षा शुरू की गई है। इसके अलावा कुछ हाई स्कूलों में भी आईटी शिक्षा चल रही है। इन स्कूलों के शिक्षक अब बच्चों के साथ-साथ स्कूल मुखिया व अन्य शिक्षकों को भी कंप्यूटर सिखाएंगे। निदेशालय ने सभी आईटी शिक्षकों को निर्देश जारी किए हैं कि संबंधित स्कूल में सभी शिक्षकों को एमएस वर्ड व एमएस एक्सल का प्रशिक्षण दिया जाए। इसके अलावा शिक्षकों को इंटनरेट के बारे में भी जानकारी प्रदान की जाए। इससे शिक्षकों को विभाग की ओर से भेजी गई सूचना प्राप्त करने व विभाग को विभिन्न प्रकार की सूचनाएं प्रेषित करने में सुविधा मिलेगी। शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी अजय चौहान ने बताया कि जिला के सभी आईटी शिक्षकों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वे अपने स्कूलों में तैनात शिक्षकों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण दें। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में शिक्षा विभाग का हर काम आनलाइन हो गया है। ऐसे में सभी शिक्षकों को कंप्यूटर के बारे में जानकारी होना अनिवार्य है। जिला में कई ऐसे शिक्षक हैं, जिन्हें कं प्यूटर चलाना नहीं आता। इसको मद्देनजर रखते हुए निदेशालय ने आईटी शिक्षकों के माध्यम से स्कूल के शिक्षकों को कंप्यूटर सिखाने का निर्णय लिया है।

Related posts