बच्चों के लिए दिल्ली में खुलेगी बाल अकादमी

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को दिल्ली सेलीब्रेट्स कलेंडर (2013-14) का अनावरण किया। इसमें हिंदी, पंजाबी, उर्दू, सिंधी रंगमंच की संपन्नता, ठुमरी की ताल तथा संगीत के विभिन्न विधाएं होंगी। संगीत का जादू दिल्ली की जनता को मस्ती में सराबोर कर देगा। इस मौके पर सरकार में मंत्री प्रो. किरण वालिया और कला संस्कृति और भाषा विभाग के सचिव सज्जन सिंह यादव मौजूद रहे। कलेंडर अनावरण के बाद पंडित भजन सोपोरी और अभय सोपोरी द्वारा संतूर पर युगल गायन किया गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में भाषाओं की छह अकादमी हैं। अब जरूरत है दिल्ली में बाल अकादमी खोले जाने की। उन्होंने इस मौके पर अगले कुछ महीनों में ही बाल अकादमी खोलने की घोषणा की। प्रो. किरण वालिया ने कहा कि आम महोत्सव के साथ यह जश्न शुरू हो चुका है। आगामी महीने में हिंदी नाट्य उत्सव, दिसंबर में कुतुब फेस्टिवल जैसे कार्यक्रम होंगे। विभाग के सचिव सज्जन सिंह यादव ने कहा कि ये कार्यक्रम हमारी मिट्टी की खुशबू और सांस्कृतिक परंपराओं से लबरेज हैं। ये सभी कार्यक्रम विभिन्न राज्यों और भाषाओं की पहचान लिए हैं, लेकिन हमारी एकता के पहचान है।

Related posts