बच्चों की समझदारी ने बचाई मासूम की जान

कुल्लू। बच्चों ने बहादुरी और समझदारी से एक मासूम को मौत के मुंह से बाहर खींच निकाला। इन बच्चों की हौसलाअफजाई की क्षेत्र में हर कोई प्रशंसा कर रहा है। हिमाचल के कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र के बहली गांव के इन तीन बच्चों को अब स्कूल प्रशासन पंद्रह अगस्त को सम्मानित करने जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक आईपीएच विभाग के बनाए पानी के स्टोर टैंक में पहली कक्षा का एक छात्र खेल-खेल में टैंक में गिर गया। करीब एक घंटे तक तिशु ठाकुर निवासी बहली पानी के टैंक में किसी तरह कोई चीज पकड़कर पड़ा रहा। बच्चा जब रोने लगा तो इसी गांव की पांचवीं कक्षा की छात्रा प्रितिका, चौथी के रवि ठाकुर तथा शीतल ने टैंक के पास आकर तिशु को गिरा पड़ा देखा। गांव से दूर बने टैंक में गिरे तिशु की जान बचाने में सबसे अहम भूमिका दस साल के रवि ठाकुर की सूझबूझ रही है। रवि खुद एक बड़ी बीमारी से जूझ रहा है।
उन्होंने घर जाकर रस्सी लाई और तीनों मासूम बच्चों ने रस्सी को टैंक के अंदर फेंककर तिशु को रस्सी के सहारे से बाहर निकाला। प्राथमिक स्कूल कोलथा के अध्यापक शेर सिंह ठाकुर तथा दयाल सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यह मामला 14 जुलाई है। बहली गांव के यह चार बच्चे गांव से दूर बने इस टैंक के आसपास खेल रहे थे। इसी बीच पांच साल का तिशु ठाकुर अचानक टैंक के अंदर गिर गया। खास यह है कि टैंक अभी नया बनाया है। टैंक के भीतर बारिश का पानी जमा था। उन्होंने कहा कि तिशु की जान बचाने वाले रवि ठाकुर, प्रितिका और शीतल को 15 अगस्त को स्कूल में होने वाले कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। यह सभी बच्चे प्राइमरी स्कूल कोलथा में अध्ययनरत हैं।

Related posts