बच्चे ने लगाई चलती ट्रेन से छलांग

जालंधर: सिटी रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी पर लक्कड़ पुल के नजदीक एक 12 वर्षीय बच्चे ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। छलांग लगाने से बच्चा ट्रेन की चपेट में आ गया और उसका बायां पैर गाड़ी के नीचे आने से कट गया। जानकारी के अनुसार आज शाम करीब 4.30 बजे 12 वर्षीय अमृतपाल सिंह होशियारपुर जाने के लिए गाड़ी में चढ़ा। गाड़ी जब चलने लगी तो उसे पता चला कि यह गाड़ी होशियारपुर नहीं जा रही है तो अमृतपाल ने घबरा कर चलती गाड़ी से छलांग लगा दी।

गाड़ी से गिरते ही उसका पैर गाड़ी के नीचे आ गया और कट कर लटक गया। पता चला है कि जिस गाड़ी में अमृतपाल चढ़ा था वो फिरोजपुर से आई थी और शंटिंग हो रही थी। बच्चे के ट्रेन के नीचे आने की सूचना से डी.एम.यू. शैड के कर्मचारी राजीव पंकज, जतिन्द्र सिंह व अन्य भाग कर गए और बच्चे को उठाया। बच्चे ने भी हिम्मत दिखाते हुए अपने कट कर लटके हुए पैर को पकड़ रखा था। रेल कर्मचारी तुरन्त उसे लेकर रेलवे अस्पताल पहुंचे लेकिन डाक्टरों ने उसे तत्काल सिविल अस्पताल ले जाने को कहा।

मौके पर पहुंचे जी.आर.पी. और आर.पी.एफ. के जवानों ने बच्चे से फोन नम्बर लेकर उनके रिश्तेदार को सूचना दी। सूचना मिलते ही बच्चे के रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और बच्चे को लेकर एक प्राइवेट अस्पताल गए। डी.एम.यू. शैड के कर्मचारी भी उनके साथ अस्पताल गए जहां डाक्टरों ने बच्चे का इलाज शुरू किया। इस संबंध में रेलवे पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।

Related posts