बच्चे को अगवा कर मांगी फिरौती, तीन धरे

नई दिल्ली। भजनपुरा से नौ साल के बच्चे को अगवा कर बदमाशों ने उसके पिता से 80 लाख की फिरौती मांगी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। पकड़े जाने के डर से आरोपी घर के पास बच्चे को छोड़कर भाग गए। जांच के दौरान पुलिस ने दो दिन बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसकी पहचान नॉर्थ घोंडा निवासी मोहम्मद रफीक (30), वजीराबाद निवासी मोहम्मद रहीस (27) और मोहम्मद नसीम (22) के रूप में हुई है। रफीक बच्चे को रिश्तेदार बताया जा रहा है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि रविवार दोपहर भजनपुरा थाने में चूड़ी कारोबारी ने अपने नौ साल के बेटे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि बेटे को छोड़ने के लिए आरोपियों ने 80 लाख की फिरौती मांगी है। पुलिस के साथ-साथ स्पेशल सेल ने भी जांच शुरू की। छह-सात घंटे की कार्रवाई के बाद आरोपी बच्चे को घर के पास छोड़कर भाग गए। कॉल डिटेल और अन्य सबूतों के आधार पर स्पेशल सेल ने तीनों आरोपियों को मंगलवार को वजीराबाद से दबोच लिया। आरोपियों ने बताया कि रफीक बच्चे का दूर का रिश्तेदार है। उसके इशारे पर वारदात को अंजाम दिया गया। इसके लिए फर्जी पते पर सिम खरीदे गए। शनिवार को बच्चे को अगवा करने का प्रयास किया गया लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। अगवा करने के बाद मासूम को होलंबीकलां ले गए और वहीं से फिरौती मांगी, लेकिन पुलिस के डर से बच्चे को छोड़ दिया।

Related posts