बच्ची समेत तीन से दुष्कर्म, एक आरोपी पकड़ा

नई दिल्ली। राजधानी में अलग-अलग जगह दुष्कर्म के तीन मामले सामने आए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।
समयपुर बादली निवासी 10 वर्षीय लड़की शुक्रवार शाम घर के पास खेल रही थी। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला मलखान (25) बच्ची को जबरन सुनसान स्थान पर ले गया और उससे दुष्कर्म किया। घर पहुंचकर बच्ची ने परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मलखान को पकड़ लिया। वहीं 28 मई को अमर विहार इलाके में रहने वाली 16 वर्षीय सलमा (बदला हुआ नाम) को पड़ोसी युवक बहला-फुसलाकर ले गया था। लड़की के परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। दो दिन बाद नाबालिग अपने घर पहुंची। उसनेे बताया कि युवक उसे यमुनापार ले गया था। आरोप है कि वहां दो दिनों तक बंधक बनाकर उसने दुष्कर्म किया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है। अमन विहार में ही 21 वर्षीय सुमन (परिवर्तित नाम) ने अपने दोस्त पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया। उसने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसकी दोस्ती धर्मेंद्र नाम के युवक से हुई थी। धर्मेंद्र ने शादी का वादा कर सुमन से कई बार दुष्कर्म किया लेकिन अब वह शादी करने से इनकार कर रहा है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।

Related posts