बच्ची की संदिग्ध हालात में मौत

नई दिल्ली। शाहबाद डेयरी इलाके में शनिवार शाम एक पांच साल की बच्ची की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बच्ची अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित खाली मकान के बाथरूम में घायलावस्था में मिली। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कारणों का खुलासा हो पाने की बात कह रही है।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची के पिता का दूध का कारोबार है। शनिवार शाम खेलने के दौरान बच्ची लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिली तो परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने थाने जा रहे थे। इसी बीच किसी ने बताया कि तीन चार घर छोड़कर खाली मकान के बाथरूम में एक बच्ची लहूलुहान हालत में पड़ी है। तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने बच्ची को उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची की छत से गिरने से मौत हुई है। उसके शरीर पर चोट के निशान भी हैं, लेकिन छत से गिरी बच्ची अपने घर से दूर उस बाथरूम में कैसे पहुंची, इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही बच्ची की मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Related posts