
भुंतर (कुल्लू)। जिले में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। चोर अब सीधे बगीचों से ही फलों को उड़ा ले जा रहे हैं। इससे अब बागवान भी चिंतित हो उठे हैं। गत दिनों शातिर चोर मनाली क्षेत्र से सेब को घर के आंगन से उड़ा ले गए थे। ताजा घटनाक्रम में सैंज क्षेत्र के तलाड़ा से एक अनार के बगीचे में चोरों ने सेंध लगा रहे चार चोरों को मौके से ही पकड़ लिया। दो अन्य चोर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बगीचे के मालिक की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर मौके से बीस कैरेट अनार के बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार रविवार रात सैंज में करीब 6 चोर तलाड़ा के रामरत्न शर्मा के बगीचे में सेंध लगाकरौप अनार चुरा रहे थे। इसी दौरान बगीचे की चौकीदारी कर रहे मलिक ने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने मिलकर चार को रंगे हाथ धर लिया। दो चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी। अनार के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान सैंज क्षेत्र के लुंदर चंद, कर्ण सिंह, दौलत राम और दिले राम के रूप में हुई है। मौके से फरार दो आरोपियों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। वहीं चोरों को पकड़ने में दिनेश शर्मा, संजू, अनुराग और राम देई ने अहम भूमिका निभाई।
