बंद होने लगा टीवी पर पसंदीदा चैनल का प्रसारण

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में कंज्यूमर एप्लीकेशन फॉर्म (सीएएफ) नहीं भरने वाले केबल उपभोक्ताओं के टीवी से पसंदीदा चैनल गायब होने लगे हैं। अभी तक ऐसा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के टीवी पर 15 जुलाई के बाद ब्लैकआउट कर दिया जाएगा। दिल्ली एनसीआर में अभी भी करीब 20 फीसदी उपभोक्ताओं ने चैनल च्वाइस बताने के लिए सीएएफ फॉर्म नहीं भरा है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के सभी शहरों में सीएएफ फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 10 जुलाई थी। इसके बाद उपभोक्ताओं के टीवी से धीरे-धीरे उनके पसंदीदा चैनल गायब होने लगे। डेन, सिटी, हाथवे जैसे एमएसओ की मानें तो हम एक साथ ब्लैकआउट करने के बजाय चैनल च्वाइस नहीं बताने वाले उपभोक्ताओं के सारे पेड चैनल को हटा रहे हैं। फॉर्म नहीं भरने तक उनके टीवी पर सिर्फ फ्री टू एयर चैनल ही आएंगे। इसके बाद भी अगर 15 जुलाई तक उपभोक्ताओं ने फॉर्म भरकर अपना चैनल च्वाइस नहीं बताया तो ब्लैकआउट कर दिया जाएगा। यानि अभी तक फ्री टू एयर देख रहे केबल उपभोक्ताओं को 16 जुलाई से यह भी देखने को नहीं मिलेगा। मुखर्जी नगर के निवासी निशांत ने बताया कि उनके केबल ऑपरेटर ने बताया था कि वह उनका फॉर्म भर दिया है। इसके बावजूद उनके यहां स्पोर्ट्स चैनल का प्रसारण बंद हो गया जो कि पहले आ रहा था।

Related posts