
अंब (ऊना)। उपमंडल के तहत पड़ते कुठेड़ा खैरला में हुई वारदात में एक व्यक्ति का व्यवासायिक साझीदार ने अपने साझीदार की कनपट्टी पर बंदूक रख उसके घर से चेक बुक उड़ा ली है। वारदात के संदर्भ में पीड़ित व्यक्ति ने अंब पुलिस को शिकायत की है। पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज करते हुए मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तारा चंद पुत्र कृष्ण चंद निवासी कुठेड़ा खैरला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह राकेश कुमार पुत्र राम प्रकाश निवासी बिलासपुर के साथ कांगड़ा के मटौर में टायरों का काम करता है। पिछले कुछ समय से उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है, जिस कारण उसने पार्टनर को काम से अलग होने को कह दिया है। उसका पार्टनर नहीं चाहता था कि तारा चंद उससे अलग हो गया, क्योंकि काम का बोझ तारा चंद अपने ऊपर ले रखता था। उसे तारा चंद के चले जाने से काम ठप होने का डर था। तारा चंद के मना करने के बावजूद उसका पार्टनर नहीं माना एवं वह उसके घर आ घमका। आते ही उसने गाली गलौज शुरू कर दिया और तारा चंद के कनपटी पर बंदूक रख उसके पास पड़ी चेक बुक लेकर चला गया। तारा चंद को डर था कि उसका पार्टनर उसके हस्ताक्षरित चेकों का गलत इस्तेमाल कर सकता है। तारा चंद ने गुहार लगाई है कि उसके पार्टनर से उसे विधिवत अलग करवाया जाए। उधर, अंब थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने मामले कि पुष्टि करते हुए बताया कि राकेश कुमार पुत्र राम प्रकाश निवासी बिलासपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
