बंदी बनाकर दुराचार का आरोप

बंगाणा (ऊना)। बंगाणा थाना क्षेत्र के तहत एक गांव में महिला को 37 दिन तक बंदी बनाकर दुराचार का मामला सामने आया है। वहीं, एक अन्य पंचायत में युवती के साथ दुराचार का प्रयास किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि 25 मार्च को वह ऊना अड्डे से बस में बैठकर मंडी जिला स्थित अपने घर जा रही थी। उसी बस में उसके साथ बलवीर सिंह नाम का एक व्यक्ति बैठ गया, जो महिला के मुताबिक मंडी जिले का ही रहने वाला है। थोड़ी दूर जाने के बाद उसने महिला को बहला-फुसला कर बस से नीचे उतार लिया। चाय पीने के बहाने आरोपी महिला को एक होटल के अंदर ले गया। जहां वह स्वयं काम करता था। इसी स्थान पर उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। यह सिलसिला 30 अप्रैल तक चलता रहा। आखिरकार पीड़ित महिला ने हिम्मत की और 37 दिन के बाद आरोपी के चंगुल से भागने में सफल हुई और मंडी पहुंचकर घरवालों को पूरी बात बताई। बाद में शुक्रवार को घरवालों को साथ लेकर बंगाणा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। एसएचओ बंगाणा महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी धारा 376, 366, 344 एवं 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही पुलिस आरोपी को पकड़ने में कामयाब होगी।
दूसरी ओर चमियाड़ी पंचायत के एक गांव की महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वीरवार शाम वह पास के ही एक गांव में समारोह में शरीक होने गई थी। खाना-खाने के बाद अपने घर जा रही थी। रास्ते में उसी के ही गांव के एक युवक ने उसे लालच दिखाकर उसका रास्ता रोकते हुए साथ चलने को कहा। युवती ने जब उसकी बात न मानी तो लड़का उसके साथ जोर जबरदस्ती करने लगा। लड़की किसी तरह वहां से भाग निकली और घर जाकर आपबीती घरवालों को बताई। लड़की के घरवाले पंचायत के सदस्यों को साथ लेकर पुलिस थाना बंगाणा पहुंच गए। जहां पर उन्होंने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ एवं जबरदस्ती करने की शिकायत दर्ज करवाई। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी धारा 354बी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

Related posts