
कुल्लू। पंचायत समिति बंजार में तख्ता पलट की सियासत तेज हो गई है। विस चुनावों में हुए सत्ता परिवर्तन के बाद समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सियां डोलने लगी हैं। बंजार में भाजपा समर्थित पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी को खतरा पैदा हो गया है।
बंजार से पूर्व वन मंत्री खीमी राम के चुनाव हारते ही कुछ भाजपा पार्षदों ने भी पासा पलटना शुरू कर दिया है। चार फरवरी को बंजार में हुई पंचायत समिति की बैठक में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर उन्हें हटाने की मांग की गई है। पंचायत समिति बंजार में कुल 15 सदस्य हैं। इनमें से 9 भाजपा समर्थित हैं। 6 पार्षद कांग्रेस समर्थित हैं। लेकिन बंजार भाजयुमो अध्यक्ष एवं पंचायत समिति पार्षद झावे राम ठाकुर सहित एक अन्य भाजपा समर्थित पार्षद ने कांग्रेस समर्थित सदस्यों का साथ देने का ऐलान किया है। ऐसे में कांग्रेस के पक्ष में पार्षदों की संख्या 8 हो गई है। सभी कांग्रेस समर्थित आठ पार्षदों ने बाकायदा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर भी कर रखे हैं। इसकी कापी बीडीओ और एसडीएम बंजार तथा जिला पंचायत अधिकारी कुल्लू को भेज दी है।
पार्षदों को जारी करेंगे नोटिस
बंजार पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ विरोध की कापी आज ही मिली है। अब सभी पार्षदों को नोटिस जारी कर बैठक बुलाई जाएगी। इसके बाद ही कितने पार्षद किसे पक्ष में रहते हैं इसका फैसला होगा। इसके बाद पंचायतीराज एक्ट के तहत अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
गिरिश शर्मा जिला पंचायत अधिकारी कुल्लू
