
बंगाणा (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंगाणा में ब्लाक स्तरीय यूथ पार्लियामेंट प्रतियोगिता 2013 का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ स्कूल के प्रधानाचार्य देवेंद्र शर्मा ने किया। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस ब्लाक स्तरीय यूथ पार्लियामेंट प्रतियोगिता में 10 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंगाणा, हटली, अरलू, पिपलू,थानाकलां, बौल, रायपुर मैदान, धुंधला तथा लठियाणी के बच्चों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता से विद्यार्थियों में अनुशासन की भावना, दूसरे के विचारों को सुनना एवं सहन करने की शक्ति पैदा होती है। इससे विद्यार्थियों को भारतीय लोकतंत्र की संसदीय प्रणाली का ज्ञान होता है। छात्र संसद में नेताओं ने देश की समस्याओं पर खूब हंगामा किया। छात्र नेताओं की चल रही संसद में बयानबाजी को जज करने के लिए डीआर परमार, राज देव राणा, तिलक राज तथा उषा भारद्वाज ने मुख्य भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता में थालाकलां स्कूल ने प्रथम एवं तलमेहड़ा स्कूल दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर जिला समन्वयक सुरेश कुमार, सुभाष चंद शर्मा, राममूर्ति, राजेंद्र जम्बाल, नरेंद्र धीमान, पवन देव शर्मा व मनोहर लाल शर्मा सहित स्कूल का समस्त स्टाफ उपस्थित था।
