बंगाणा में सड़क हादसा, 11 घायल

लठियाणी/बंगाणा ऊना। क्षेत्र के ननावीं में शनिवार देर सायं एक ट्रक और स्कॉर्पियो में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार एक ही परिवार के आठ लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। इनमें से चार की हालत अधिक नाजुक बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए बंगाणा अस्पताल लाया गया, जहां से चार को गंभीर अवस्था के चलते तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला दर्ज कर लिया है, जबकि घटना के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी गई है। सभी घायल पंजाब के गुरदासपुर जिले के निवासी हैं, जो माथा टेकने दियोटसिद्ध जा रहे थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर सायं पंजाब के गुरदासपुर जिले के तहत पड़ते ग्राम पंचायत पथनावाल से एक परिवार के आठ सदस्य स्कॉर्पियो गाड़ी नंबर पीबी 09जे 6781 में माथा टेकने दियोटसिद्ध जा रहे थे। इसी दौरान ननावीं के पास सामने से आ रहे ट्रक नंबर एचपी 72बी 5572 ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में घायल लोगों में 63 वर्षीय मंगल सिंह, 13 वर्षीय राजन, 31 वर्षीय बलवीर कौर, 32 वर्षीय राजिंद्र कौर, 12 वर्षीय साजनप्रीत, 6 वर्षीय अनमोल, साढ़े चार वर्षीय तनरूप सिंह, 35 वर्षीय वरियाम सिंह, 34 वर्षीय रुपेंद्र कौर, 32 वर्षीय जसविंद्र सिंह सभी निवासी गांव पथनावाल जिला गुरदासपुर पंजाब एवं चालक 35 वर्षीय काका राम के नाम शामिल हैं। जबकि राजन, राजिंद्र कौर, साजन प्रीत और वरियाम सिंह की हालत अधिक नाजुक होने के चलते उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। एएसपी वीएस ठाकुर, एसएचओ रामदास कौशल, एएसआई रमेश धवन, कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, मुच्छाली पंचायत के प्रधान चंद्र कुमार, निर्मल कौशल, वार्ड पंच, विजय कुमार ने मौके पर पहुंच बचाव कार्य किए। एएसपी वीएस ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। ट्रक चालक को जल्द दबोच लिया जाएगा।

Related posts