बंगाणा में बीएसएनएल सेवाएं चरमराईं

लठियाणी (ऊना)। उपमंडल बंगाणा में बीएसएनएल की संचार सेवाएं हांफ गई हैं। इसके कारण कई दिनों से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि लोग मजबूर होकर अन्य निजी संचार कंपनियों का सहारा लेकर संपर्क कर रहे हैं। उपभोक्ताओं ने बीएसएनएल की लचर कार्यप्रणाली के प्रति गहरा रोष जताया है। उपभोक्ताओं में ग्राम पंचायत लठियाणी के प्रधान महेंद्र सिंह, बुधान के प्रधान शिवनाथ शर्मा, उप प्रधान जोगेंद्र पौणू, व्यापार मंडल के महा सचिव डा. राम सिंह कुटलैहड़िया, सतीश कुमार, प्रवीण शर्मा, राज कुमार, आशा रानी, जसमेर सिंह का कहना है कि उपमंडल बंगाणा एवं साथ लगते गांवों में बीएसएनएल का नेटवर्क न होने के चलते उन्हें परेशानी हो रही है। मोबाइल नेटवर्क न मिलने के कारण उनके कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। है। उपभोक्ताओं ने संचार निगम से क्षेत्र में पेश आ रही समस्याओं का हल करवाने की मांग की है, जिससे उन्हें राहत मिल सके। उधर, बंगाणा दूर संचार निगम के सहायक अभियंता अनुज चक्रवर्ती ने माना कि कुछ तकनीकी खराबी के कारण संचार सेवाओं में दिक्कतें आ रही हैं। उन्हाेंने कहा कि जल्द सेवाओं को सुचारू रूप से शुरू किया जाएगा।

Related posts