
बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के सरकारी अस्पताल के पास एक प्रवासी व्यक्ति का शव आम के पेड़ से लटका हुआ मिला। उसकी पहचान 50 वर्षीय रामोतर पासवान पुत्र रामधारी गांव झलड़ी जिला मधेपुरा बिहार के रूप में हुई है। घटना की सूचना के बाद डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने मौके का जायजा लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है, जबकि पुलिस ने मामले के संदर्भ मे हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच तेज कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रामोतर पासवान बंगाणा के पास दहाड़ी मजदूरी का काम करता था। रामोतर के साथ रहने वाले हरि सिंह, चंद्र कुमार, अरविंद कुमार, सोनू तथा मोनू ने बताया कि मृतक दो दिन से लगातार नशे में चूर था। रविवार रात 9 बजे के करीब मृतक अपने कमरे में खाना बनाने लगा कि अचानक उसके चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। दूसरे कमरे में रहने वाले उसके साथी दौड़ते हुए रामोतर के कमरे में पहुंचे तो पाया कि उसके शरीर में आग लगी हुई है। साथियों ने बताया कि रामोतर ने स्वयं ही अपने ऊपर पानी डालकर आग से राहत पाई और उसके बाद वह खुद ही सीएचसी बंगाणा पहुंच गया, जहां पर उसने डाक्टरों से उसको दवाई देने की गुजारिश की। पुलिस में सूचना देने की बात सुनकर रामोतर अस्पताल से भाग गया और किसी निजी चिकित्सक से दवाई लेने के बाद सीधा अपने कमरे में जाकर सो गया। सुबह उठकर देखा तो रामोतर कमरे से गायब था। 12 बजे के करीब स्थानीय महिलाएं घास लेने जंगल में गईं तो वहीं पर आम के पेड़ के साथ एक शव को फंदे से लटका हुआ देखा। वह रामोतर का था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पंचायत के प्रधान चंद्र कुमार को दी। प्रधान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रधान चंद्र कुमार तथा बंगाणा थाना प्रभारी रामदास कौशल सहित एक टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। एसएचओ रामदास कौशल ने बताया कि सीआरपीसी 174 के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
