
बंगाणा (ऊना)। बंगाणा महाविद्यालय में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने रूसा के विरोध में जनरल हाउस बुलाया। एबीवीपी कैंपस अध्यक्ष सुशांत ठाकुर ने बताया कि यह जनरल हाउस प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर किया गया। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मंत्री अजय ठाकुर के आह्वान पर रूसा के विरोध में 31 जुलाई से तीन अगस्त तक प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में जनरल हाउस, रैलियां तथा आम सभाएं कीं। जनरल हाउस के मुख्य प्रवक्ता दिनेश ठाकुर ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार एवं विवि प्रशासन ने 100 करोड़ के लालच में आकर इस सेमेस्टर सिस्टम को आम छात्रों पर थोपा है, जिसे विद्यार्थी परिषद बर्दाश्त नहीं करेगी। रूसा सेमेस्टर सिस्टम के तहत प्राइवेट परीक्षार्थियों को भी अतिरिक्त फीस देनी होगी। इस सिस्टम के तहत छात्रों को स्वेच्छा से अपने विषय पढ़ने का मौका नहीं मिल रहा है। प्रदेश में पहले से शिक्षकों की कमी चल रही है। रूसा के तहत यह कमी कहीं और ज्यादा बढ़ जाएगी। प्रदेश के कई कालेज ऐसे हैं, जहां दो कमरों में महाविद्यालय चल रहा है। वहां पर छात्र विषय के अनुसार कैसे अपनी कक्षाएं लगा पाएंगे। सर्दियों में बर्फबारी के चलते प्रदेश के कई जिलों का बाकी जिलों से संपर्क टूट जाता है, ऐसे में वहां पर किस तरह पढ़ाई सुचारू रूप से चल पाएगी। जनरल हाउस के दौरान सभी छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में रैली निकालकर नारेबाजी की। इस मौके पर कैंपस अध्यक्ष सुशांत ठाकुर, सचिव अतुल शर्मा, उम्मेद सिंह, विशाल, रजत, पंकज, अंकित, नितिश, कल्पना, ज्योति, मीनाक्षी, अल्का, शिल्पा, पूजा तथा आरती सहित कई छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
