
बंगाणा (ऊना)। बंगाणा पुलिस ने सोमवार देर रात वर्ष 2010 से चोरी के केस में फरार घोषित अपराधी को दबोच लिया। वर्ष 2008 से उद्घोषित अपराधी संजय कुमार पुत्र दीना नाथ निवासी समीरपुर थाना भोरंज जिला हमीरपुर को बंगाणा के एसएचओ रामदास कौशल, एएसआई रमेश धवन तथा आरक्षी अमित सोनी सहित पुलिस टीम ने तहसील भोरंज के पट्टा बाजार से गिरफ्तार कर लिया। बंगाणा के थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि इस अपराधी ने वर्ष 2008 में बंगाणा थाना के अंतर्गत अपने एक दोस्त के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसमें संजय कुमार को गांव वालों की मुस्तैदी से मौके पर ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था तथा दूसरा आरोपी भागने में सफल हुआ था। बाद में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया था। कोर्ट से जमानत पर रिहा होने के बाद संजय कुमार किसी भी पेशी को कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ, जिसके चलते 20 सितंबर 2010 को न्यायालय ने उसे उद्घोषित अपराधी करार दे दिया। एसएचओ कौशल ने बताया कि उद्घोषित अपराधी घोषित होने के बाद संजय कुमार भूमिगत हो गया एवं अपनी गिरफ्तारी से बचता रहा। इसी दौरान पुलिस को उसके पट्टा में होने के संदर्भ में गुप्त सूचना मिली, जिसके चलते सोमवार देर रात भोरंज तहसील के पट्टा बाजार में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कौशल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी धारा 174ए के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।
