फोन बंद होने से रिश्तेदारों से संपर्क टूटा

अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत पड़ते कई क्षेत्रों में बीएसएनएल की संचार सेवाएं चरमरा गई हैं। इससे क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि लोगों को मजबूरन अन्य संचार सुविधाओं का प्रयोग करना पड़ रहा है। मोबाइलों में सिग्नल न होने से कारोबारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ा रहा है। बीएसएनएल की लचर कार्यप्रणाली पर उपभोक्ताओं ने गहरा रोष जताया है। क्षेत्रवासियों में सुरेंद्र शर्मा, रविंद्र शर्मा, कमल, राजकुमार, सोमराज, प्रदीप कुमार, राकेश जस्वाल, महेंद्र ठाकुर, आरके शर्मा, नवीन जसवाल एवं अन्य का कहना है कि फोन बंद होने के कारण उनके रिश्तेदारों से संपर्क टूट गया है। उन्हाेंने निगम पर आरोप लगाया है कि हर माह बिल का भुगतान समय पर करने के बावजूद उन्हें सुविधा नहीं मिल पा रही है। एक तरफ जहां विभाग के करीब 60 प्रतिशत ग्राहक दूसरे टेलीफोन एवं मोबाइल कंपनी की सुविधा लेने लगे हैं, वहीं बीएसएनएल के आला अधिकारी दिन-प्रतिदिन ग्राहकों की घटती संख्या से बेफ्रिक हैं। लोगों का कहना है कि केंद्र सरकार के अधीन होने के कारण इन्हें महज अपनी ड्यूटी से मतलब होता है, इसलिए इन्हें ग्राहकों की फिक्र नहीं है। उधर, विभाग के डिवीजनल अधिकारी सुभाष सहोता का कहना है कि सड़क निर्माण होने के कारण निर्माण में इस्तेमाल हो रहे जेसीबी एवं अन्य उपकरणों से बार-बार केबल कट रहे है। इसका खामियाजा बीएसएनएल एवं उनके ग्राहकों को भुगतना पड़ रहा है। केबल को जोड़ा जा रहा है, जल्द ही व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।

Related posts