
हरोली (ऊना)। पंडोगा में विवाहिता को फोन पर तंग करने का मामला पुलिस के पास पहुंच गया है। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि अज्ञात नंबर से कोई व्यक्ति न केवल उससे अश्लील बातें करता है, बल्कि उसे बार-बार धमकियां भी देता है। विवाहिता ने तंग आकर परिजनों को आपबीती सुनाई तो आरोपी ने फोन पर उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। जिसके चलते महिला ने इसकी शिकायत पंडोगा चौकी में दर्ज करवाई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पंडोगा निवासी महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसे अज्ञात नंबर से फोन कर कोई व्यक्ति तंग कर रहा है। विरोध करने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। उधर, पंडोगा पुलिस चौकी प्रभारी दूनी चंद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में पुलिस के पास महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन में जुट गई है। आरोपी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही उसे ट्रेस कर लिया जाएगा।
