
पतलीकूहल (कुल्लू)। रायसन कैच फैक्टरी प्रबंधन और मजदूरों के बीच एक माह से शुरू हुआ टकराव शुक्रवार को चरम सीमा पर पहुंच गया। मजदूरों ने सीटू के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया। सीटू के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सिंघा की अगुवाई में करीब पांच सौ मजदूरों ने रायसन बाजार से लेकर कैच फैक्टरी तक रैली निकाली। इस दौरान फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
प्रबंधन ने मौके की नजाकत तो भांपते हुए पहले ही पुलिस को तैनात कर रखा था। प्रदर्शनकारियों के फैक्टरी के पांच सौ मीटर के दायरे से बाहर रखने को बैरिकेडिंग कर रखी थी। लेकिन उग्र भीड़ के सामने पुलिस वालों की एक न चली। लिहाज भीड़ को नियंत्रित करने को पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पुलिस और पब्लिक में हल्की धक्कामुक्की भी हुई। मजदूरों पर पत्थराव का भी आरोप है।
मौके पर तैनात खुफिया विभाग की रिपोर्ट शिमला पहुंचते ही जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम सुरेश जसवाल, एएसपी निहाल ठाकुर, डीएसपी संजय शर्मा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फैक्टरी प्रबंधक हुसैन का कहना है कि उन्हें फैक्टरी मालिक ने आदेश दिए हैं कि बेशक रायसन फैक्टरी को बंद करना पड़े लेकिन चार मजदूरों का तबादला रद नहीं होगा। कुल्लू में तैनात डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि पथराव के लिए सीटू और मजदूरों पर निश्चित तौरपर केस दर्ज होगा। खबर लिखे जाने तक समझौते को मजदूरों और प्रबंधन वर्ग की बैठक जारी थी।
