फेसबुक पर सुधीर को अजीबोगरीब कमेंट

धर्मशाला। सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर दोस्तों से चैट और महज गपशप ही नहीं की जा सकती बल्कि आप इन साइट्स का यूज करने वाले विधायकों और मंत्रियों तक अपनी आवाज भी पहुंचा सकते हैं। रविवार को ऐसा ही एक वाकया देखने को मिला, जब एक युवक ने शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा के अपडेट किए गए स्टेटस पर कमेंट किया।
दरअसल फेसबुक के जरिए जनता से सीधा संवाद करने वाले सुधीर शर्मा ने अपने स्टेटस में युवाओं से सड़क दुर्घटनाओं से बचने का आग्रह करते हुए लिखा कि हेलमेट पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं होता बल्कि यह सुरक्षा के लिए है। साथ ही उन्होंने बाइक पर ट्रिपल राइडिंग न करने की भी नसीहत दी। इस पर फेसबुक यूजर विनय शर्मा ने कमेंट किया कि जिस गांव में पांच बजे के बाद कोई बस नहीं जाती हो और आपकी बाइक में दो लोग सवार हों। ऐसे में तीसरा मिल जाए तो आप क्या करेंगे। इस पर सुधीर शर्मा ने जवाब देते हुए उक्त फेसबुक यूजर से सवाल किया कि उन्हें उन गांवों के नाम बताए जाएं, जिनमें 5 बजे के बाद बसें नहीं चलतीं। संबंधित युवक ने बसाई धार गांव का उल्लेख किया तो सुधीर ने तुरंत उक्त समस्या का हल करने की बात कही। उधर, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा से बात करने पर उन्होंने कहा कि एचआरटीसी के अधिकारियों को जल्द ऐसे दूरस्थ क्षेत्रों का पता लगाने के निर्देश दिए जाएंगे, जहां देर शाम को बसें नहीं चलतीं।

Related posts