
नई दिल्ली। स्कूली शिक्षा में 33 फीसदी से कम अंक लाने वाले छात्र को अमूमन फेल माना जाता है, मगर दिल्ली की चौथी विधानसभा में नौ ऐसे विधायक रहे हैं, जिन्हें 33 फीसदी से भी कम मतदाताओं ने पसंद किया है। वहीं, फर्स्ट डिवीजन नंबर (वोट) देकर सिर्फ दो भाजपा व दो कांग्रेस के विधायकों को ही जनता ने अपनी आवाज उठाने के लिए भेजा है। पिछले चुनाव में बसपा ने वोट प्रतिशत बिगड़ा था तो इस बार आम आदमी पार्टी भी खेल खराब करेगी। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. योगानंद शास्त्री को महरौली विधानसभा से सिर्फ 21740 वोटर्स ने चुना था, जो पूरी दिल्ली में सबसे कम वोट हैं। इतना ही नहीं, यहां 46 फीसदी मतदान हुआ था जिसका 32.83 फीसदी वोट ही इन्हें मिला था। वहीं भाजपा विधायक कुलवंत राणा को सबसे अधिक 64474 वोट मिले थे। यहां मतदान प्रतिशत 63.43 था, जिसमें 55.56 फीसदी वोट राणा को मिले थे। पिछले चुनाव के ट्रेंड और आम आदमी पार्टी का धुआंधार प्रचार देखते इस बार वोट बंटने की उम्मीद है।
राजनीतिक विश्लेषक व कांग्रेस के नेता चतर सिंह कहते हैं कि कई प्रत्याशी दमदार खड़े हो जाते हैं तो वोट प्रतिशत बंट जाता है। न सिर्फ जीतने वाले प्रत्याशी का वोट प्रतिशत घटेगा, बल्कि हार-जीत का अंतर भी घटेगा। राजधानी में सीधी टक्कर कांग्रेस व भाजपा की होती है, लेकिन पिछले चुनाव में बसपा ने 25 सीटों पर अच्छी धमक दिखाई थी। इन सीटों पर 15 फीसदी से अधिक वोट बसपा के खाते में गए थे। गोकुलपुरी और बदरपुर में तो जीत भी दर्ज की थी।
—–
इन्हें मिले थे पचास फीसदी से ज्यादा वोट
कांग्रेस: विपिन शर्मा, तरविंदर सिंह मारवाह, मतीन अहमद, राजकुमार चौहान, बरखा सिंह, राजेश जैन, शीला दीक्षित, सुभाष चोपड़ा, नसीब सिंह, बिजेंद्र सिंह व राजेश लिलौठिया।
भाजपा: रविंद्र नाथ बंसल, डॉ. जगदीश मुखी, करण सिंह तंवर, कुलवंत राणा, सुभाष सचदेवा, प्रो. वीके मल्होत्रा, ओपी बब्बर और श्यामलाल गर्ग।
——-
ये रहे फर्स्ट डिवीजन (60 फीसदी से अधिक)
गांधी नगर से विधायक अरविंदर सिंह, लक्ष्मी नगर से डॉ. अशोक कुमार वालिया, हरि नगर से हरशरण सिंह बल्ली, रोहिणी से जयभगवान अग्रवाल को 60 फीसदी या उससे अधिक वोट मिले थे।
—–
33 फीसदी से कम
दयानंद चंदीला (राजौरी गार्डन) 32.83
डा. योगानंद शास्त्री(महरौली) 32.83
नीरज बसोया (कस्तूरबा नगर) 32.83
अनिल झा (किराड़ी) 32.73
जसवंत सिंह (नरेला) 31.66
श्रीकृष्ण त्यागी (बुराड़ी) 30.10
आसिफ मोहम्मद खान (ओखला) 28.98
सुरेंद्र कुमार (गोकुलपुरी) 28.89
डॉ. एससीएल गुप्ता (संगम विहार) 27.37
