फुटबाल अकादमी को दिए 20 लाख

ऊना। उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि फुटबाल की नर्सरी के नाम से मशहूर खड्ड गांव में मोहन लाल दत्त स्मारक फुटबाल अकादमी स्थापित की जाएगी। यहां खूबसूरत स्टेडियम भी बनाया जाएगा। जिससे यहां की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित मुकाबलों में ऊना जिला एवं प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। स्टेडियम एवं अकादमी के लिए 20 लाख की राशि जारी कर दी गई है और पर्याप्त बजट का प्रावधान करके यह दोनों कार्य युद्ध स्तर पर मुकम्मल किए जाएंगे। अग्निहोत्री सोमवार देर शाम खड्ड क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने खड्ड गांव के सिद्ध चानो मंदिर में आठ लाख की लागत से बड़ी लाइट लगवाने और वार्ड नंबर सात में सामुदायिक भवन निर्मित करवाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम पथ योजना के तहत इस गांव के लिए 10 लाख की राशि जारी की जाएगी और यहां भव्य रेन शेल्टर का निर्माण किया जाएगा। पंजावर में रिकार्ड समय के भीतर 50 लाख की लागत से खूबसूरत विश्राम गृह निर्मित किया गया है और पंजावर वासियों को पीएचसी का तोहफा भी दिया जाएगा। उद्योगमंत्री ने कहा कि समूचे हरोली विधानसभा क्षेत्र को सिंचाई के तहत लाया जाएगा। सरकार टाहलीवाल में बिजली का डिवीजन और पंजावर में सब डिवीजन खोलने जा रही है। लालूवाल में बस अड्डा, भदसाली में नई सब्जी मंडी, हरोली में तहसीलदार कल्याण भवन एवं मिनी सचिवालय का निर्माण भी किया जाएगा। इस अवसर पर एग्रो पैकेजिंग के पूर्व वायस चेयरमैन ओंकार शर्मा, भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन बाबा हरदीप सिंह, हरोली ब्लाक अध्यक्ष राणा रणजीत सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, हिमाचल प्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के निदेशक राकेश दत्ता, पूर्व जिला परिषद सदस्य एडवोकेट धर्म सिंह, खड्ड के प्रधान करनैल सिंह, पूर्व प्रधान विधि चंद, कर्मचंद, कांगड़ के प्रधान विनोद बिट्टू, धर्मपुर के उपप्रधान चौधरी हरि चंद सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related posts