फिरौती मामले में उग्र हुई ब्राह्मण-क्षत्रिय सभा

मैहतपुर/अंब (ऊना)। जिला की ठठल ग्राम पंचायत के मौजूदा प्रधान सीता राम ठाकुर को फोन कर फिरौती मामले में अभी तक कोई पुख्ता कार्यवाई न होने से अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा एवं ब्राह्मण सभा ने कड़ा एतराज जताया है। संयुक्त मंच के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को ठठल ग्राम पंचायत प्रधान सीताराम ठाकुर के घर में जाकर उन्हें भरोसा दिलाया कि वह अकेले नहीं हैं, संयुक्त मंच उनके साथ खड़ा है। फिरौती मामले में पुलिस की ढीली जांच पर अफसोस जाहिर करते हुए मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि जल्द ही एसपी ऊना से मिलकर इस मामले की जांच में गति लाने की मांग उठाई जाएगी। अन्य इस मामले को प्रदेश स्तर पर उठाया जाएगा।
शुक्रवार को ठठल पंचायत प्रधान सीताराम ठाकुर के घर पूर्व सांसद एवं क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेजर जनरल विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई विशेष बैठक में संयुक्त मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधान से 30 लाख की फिरौती मांगने वाले शातिर का अभी तक पुलिस पता नहीं लगा पाई है। उन्हें फिरौती की रकम न देने की सूरत में शातिर ने 27 जुलाई को प्रधान तथा उनके बेटे को जान मारने की धमकी दे रखी है। मेजर जनरल विक्रम सिंह ने कहा कि यह संगीन मामला है, इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
क्षत्रिय सभा के प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सर्वजीत सिंह ने कहा कि एक इनसे फिरौती मांगी गई है, कल को किसी और प्रधान के साथ ऐसा होगा, लिहाजा पुलिस को सख्त कार्रवाई करते हुए शातिर को दबोचना होगा। ब्राह्मण सभा के जिला अध्यक्ष पंडित पीसी शर्मा, महासचिव पंडित शिवकिशोर वासुदेव, प्रदेश प्रवक्ता पंडित केडी शर्मा क्षत्रिय सभा के जिला अध्यक्ष संजीव कंवर, धीमान सभा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मस्तराम मस्कीन, कर्नल सतदेव ठाकुर, प्रभात ठाकुर, विनोद वन्याल, महासचिव सुरेन्द्र परिहार, सुरजीत जसवाल, हरमेश सिंह राणा समेत अनेक पदाधिकारियों ने मांग उठाई कि जल्द शातिर को न दबोचा गया तो संयुक्त मंच धरना-प्रदर्शन को मजबूर हो जाएगा।

Related posts