
बेंगलूर: आईपीएल छह में स्पॉट फिक्सिंग और सट्टेबाजी के विवादों के बीच पाकिस्तान और वेस्टंडीज के बीच हाल ही में खेली गई वन डे सीरीज को लेकर भी फिक्सिंग की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार हाल ही में पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच कैरेबियाई जमीन पर खेली गई पांच वन डे मैचों की सीरीज में बल्लेबाजी को लेकर संदेह जताया जा रहा है जिसकी जांच की जा सकती है।
इस सीरीज को पाकिस्तान ने 3-1 से जीता था जबकि एक मैच टाई रहा था। रिपोर्ट के अनुसार कुछ ओवरों में स्लो रन रेट से खेला गया जिससे स्कोर काफी अधिक पहुंच गया जिसकी जांच की जा सकती है। इसके अलावा सीरीज का एक मैच टाई रहा था जिसके फिक्स होने का संदेह जताया जा रहा है। इसके अलावा सीरीज के दूसरे वन डे में पाकिस्तान की बल्लेबाजी को लेकर भी संदेह जताया गया है।
बुकी गैम्बलर, फिक्सर, स्पाई के लेखक एड हाकिन्स ने अखबार को दिए साक्षात्कार में कहा ‘इस सीरीज में जिस तरह से बल्लेबाजी की गई है वह कई सवाल खड़े करती है। पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच जो मैच टाई रहा था उसमें तो कई संदेहास्पद पल थे।’ इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सीरीज पर उठाए गए सवालों को लेकर बयान में कहा ‘पीसीबी पाकिस्तान और वेस्टइंडीज सीरीज को लेकर उठाए गए सवालों को लेकर चिंतित है।
पीसीबी ने फिक्सिंग को लेकर ‘जीरो टोलरेंस’ का रवैया अपनाया है। लेकिन इस मामले में जांच आईसीसी के दायरे में आती है। इसलिए पीसीबी आईसीसी से इस बारे में चर्चा कर रही है।’
