
चंबा। शिक्षा निदेशालय की ओर से स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने क ी अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी प्रकार की स्कॉलरशिप के लिए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे में कोई पात्र छात्र स्कॉलरशिप से वंचित रह जाता है तो संबंधित स्कूल के मुखिया को अपनी जेब से स्कॉलरशिप भरनी पड़ेगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शिक्षा निदेशालय ने पहले विभिन्न प्रकार की स्कॉलरशिप के लिए आनलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की थी, लेकिन जिला चंबा में इस निर्धारित तारीख तक 60 स्कूलों के लगभग ढाई हजार बच्चों के स्कॉलरशिप फार्म नहीं भरे गए थे। ऐसे में शिक्षा उपनिदेशक की मांग पर निदेशालय की ओर से स्कूल मुखियाओं को स्कॉलरशिप भरने के लिए 10 दिन का समय दिया गया। अब स्कूल मुखियाओं के पास मात्र तीन दिन शेष हैं। वे 10 सितंबर तक सभी पात्र छात्र-छात्राओं के स्कॉलरशिप फार्म भरकर शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय को प्रेषित करें। 10 सितंबर के बाद विभाग की ओर से किसी प्रकार के स्कॉलरशिप फार्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने जिला भर के स्कूल मुखियाओं को निर्देश जारी किए हैं कि वे निर्धारित तारीख तक पात्र छात्र-छात्राओं के स्कॉलरशिप फार्म भरकर शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि अब स्कॉलरशिप फार्म भरने की दोबारा डेट नहीं बढ़ाई जाएगी। ऐसे में कोई छात्र स्कॉलरशिप पाने से वंचित रह जाता है तो संबंधित स्कूल के मुखिया जिम्मेवार होंगे। पात्र छात्रों के छूटने पर उन्हें अपनी जेब से स्कॉलरशिप देनी पड़ेगी।
