फसल कटी अब सात को कांग्रेस सफाया

नयनादेवी (बिलासपुर)। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश की जनता फसल की कटाई कर चुकी है। अब सात मई को प्रदेश से कांग्रेस की सफाई होने वाली है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सात मई को इस कार्य को भी पूरा कर देगी। भारत युवाओं का देश है। युवा ही इस देश का भविष्य तय करेंगे। देश को कांग्रेस मुक्त बनाने में देश के युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस ने देश को गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और झूठे वादे दिए हैं।
अनुराग ठाकुर विधानसभा क्षेत्र नयनादेवी के चुनावी दौरे में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों मजारी, दबट, डोलां, मंडयाली, तरवाड़, खैरियां, बहैल, री, छाम- भुज, दगड़ान और तनबौल कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा कि किसानों की बदहाली के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। आज देश के किसान यूपीए सरकार की जनविरोधी नीतियों की वजह से आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो गए हैं। बिलासपुर के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने क्या किया है? कांग्रेसी नेता बताएं कि अब तक वो बिलासपुर में रेल क्यों नहीं दौड़ा पाए? कांग्रेस सरकार ने सत्ता में रहते हुए प्रदेशवासियों के एक भी सपने को पूरा नहीं होने दिया है। लेकिन भाजपा सरकार सत्ता में आते ही सबसे पहले प्रदेश में रेलवे नेटवर्क को मजबूती प्रदान करेगी। भाजपा प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। इस अवसर पर उनके साथ विधायक रणधीर शर्मा, बाबा मनमोहन सिंह मौनी, मंडल अध्यक्ष कैप्टन चौधरी, मंडल महामंत्री रामकुमार, काला सिंह, नयनादेवी के पंचायत प्रधान मुनीष, उप प्रधान संतोष, मंडयाली पंचायत के प्रधान रामकृष्ण सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों व कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related posts