
ऊना। जिले के कई क्षेत्रों में सोमवार रात से हो रही बारिश से ऊना में जहां मौसम काफी ठंडा हो गया है, वहीं कृषि कारोबार को भी फायदा हुआ है। कई दिनों से प्यासे खेतों को भरपूर पानी मिलने से किसान भी खुश हैं। पानी की कमी से फसलें मुरझाने लग गई थीं। ऊना में सोमवार रात को शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी जारी रही। इससे कृषि कारोबारियों की टेंशन काफी हद तक दूर हो गई है। किसान वर्ग आसमान से बरसी बूंदों को फसलों के लिए खाद के रूप में मान रहे हैं।
किसानों में मंगल सिंह, तरसेम लाल, रामपाल भुल्ली, होशियार सिंह, प्रीतम चंद, लेखराज, किशोरी लाल, राज कुमार शर्मा, रामपाल प्रधान, राजेंद्र ठाकुर, सुरेंद्र राणा, सतीश चंद, राम सिंह, दीपक शर्मा हरबंस लाल और जैमल सिंह ने बताया कि बारिश न होने के कारण फसलों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा था। कई खेतों में फसलें सूखने भी लग गई थीं। लेकिन सोमवार रात जमकर बरसे मेघों के चलते काफी राहत महसूस हुई है। उन्होंने बताया कि बारिश की बूंदे फसलों पर संजीवनी बनकर बरसी हैं, जिससे मुरझा रही फसलों में नई जान आएगी।
फसलों की लाभदायक बारिश
कृषि अधिकारी हरबंस राणा का कहना है कि इस समय बारिश का होना फसलों के लिए बेहद लाभदायक है। उन्होंने बताया कि विशेषकर असिंचित क्षेत्रों में बारिश से काफी राहत महसूस होगी।
