फर्जी मैडीकल करने वाले डाक्टर पर डी.टी.ओ. का छापा

अमृतसर: अपंग लोगों को फिट करार देने वाले डाक्टर पांडे का डिप्टी कमिश्नर रजत अग्रवाल की तरफ से तबादला किए जाने के बाद भी वह डी.टी.ओ. दफ्तर के सामने दुकानदारी चला रहा था लेकिन नवनियुक्त डी.टी.ओ. लवजीत कलसी को सूचना मिलने के बाद उन्होंने डाक्टर की दुकान पर छापेमारी करके उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया है।

जानकारी के अनुसार डी.टी.ओ. लवजीत कलसी को सूचना मिली थी डाक्टर रविकांत पांडे जो पहले डी.टी.ओ. दफ्तर स्थित सुविधा केन्द्र में बतौर मैडीकल अफसर तैनात था लेकिन डी.सी. अमृतसर ने जाली मैडीकल करने के आरोप में उसे हटा दिया था, वह फिर से दफ्तर के सामने दुकान खोलकर बैठाहै और डा. पांडे की बजाय डाक्टर रविकांत के नाम से स्टैंप बनाकर लोगों के मैडीकल कर रहा है।

डी.टी.ओ. लवजीत कलसी ने जनता से अपील की है कि वह उन डाक्टरों से ही अपना मैडीकल सर्टीफिकेट बनवाएं जो सही मैडीकल करते हों क्योंकि इसी मैडीकल सर्टीफिकेट के आधार पर ही ड्राइविंग लाइसैंस बनता है। गलत मैडीकल करवाने वाले का गलत ड्राइविंग लाइसैंस बन जाता है जिससे सड़क पर वाहन चलाने वालों की जान को खतरा बना रहता है।

Related posts