फर्जी दस्तावेजों पर पांच बैंकों से लोन

ऊना। बैंक लोन गड़बड़झाले में बड़ा खुलासा हुआ है। बंगाणा में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोन लेने के आरोप में गिरफ्तार नटवरलाल ने पुलिस पूछताछ कई बड़े खुलासे किए हैं। यह शातिर अपनी पत्नी के साथ आस्ट्रेलिया में रहता है। ऊना में अंब मार्ग पर उसका एक होटल भी है। आरोपी करनैल राणा निवासी कोटला कलां ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया उसने केसीसीबी की पांच बैंक शाखाओं से फर्जी तरीके से लोन लिए हैं।
एसपी अनुपम शर्मा ने वीरवार को प्रेस वार्ता में कहा कि आरोपी ने दो अन्य बैंकों में भी खाते खुलवाए हैं। आरोपी के अंब मार्ग पर स्थित होटल की कुर्की के भी आदेश हुए हैं। इतना ही नहीं, फर्जी लोन लेने के लिए आरोपी ने पंजाब के जालंधर के दो गवाह भी रखे हुए हैं। आरोपी लोन पास होते ही इन दोनों गवाहों को एक लाख रुपये देता था। आरोपी को आस्ट्रेलिया में पीआर मिलने वाली थी। आरोपी आस्ट्रेलिया में रेस्तरां भी चलाता है। आरोपी ने केसीसीबी की पंजावर से नौ लाख, संतोषगढ़ से 8.30 लाख, हरोली से दो बार आठ लाख और छह लाख, धुसाड़ा से नौ लाख रुपये का फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोन लिया है। कुल 40.30 लाख रुपये का गड़बड़झाला हुआ है। बैंकों में गवाही देने वाले दोनों फर्जी गवाहों की भी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपी फर्जी तरीके से वोटर आईकार्ड भी तैयार करता था। आरोपी के कब्जे से विभिन्न नाम-पतों के फर्जी वोटर कार्ड मिले हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी के पास एक फ्राड इन्कम टैक्स रिटर्न भी मिली है। आरोपी ने आरके मोटर्स के नाम से एक फर्म भी तैयार की थी, जिसके आधार आरोपी लोन के लिए आवेदन किया करता था। आरोपी शिमला, मंडी और सोलन के बैंकों के चेक आदि लोगों को जारी करता था। आरोपी ने कई गाड़ियों की कोटेशंस भी फर्जी तरीके से तैयार की है। आरोपी मौजूदा दौर में पुलिस रिमांड पर चल रहा है। एसपी ने कहा कि आरोपी से अभी पूछताछ चल रही है। इस मौके पर एसपी के साथ डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा, बंगाणा के एसएचओ महेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

Related posts