
कुल्लू। भुंतर में यूनियन बैंक की शाखा से फर्जी कागजात देकर 90 लाख का लोन लेने का धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कागजात की जांच के बाद बैंक प्रबंधक ने आठ लोगों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बैक प्रंबधक की शिकायत भादंसं ही धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस जानकारी के अनुसार भुंतर क्षेत्र के यूनियन बैंक में तैनात मैनेजर डा. एनएस पुरोहित ने पुलिस में दी शिकायत में कहा कि भुंतर क्षेत्र के करीब आठ लोगों ने फर्जी किसान बनकर जाली दस्तावेज बैंक में जमा करवाए और उनके बल पर लाखों रुपये का कृषि लोन ले लिया था। जब बैक कर्मी उनसे लोन की किस्त लेने के लिए पहुंचे तो वे आनाकानी करने लगे। इसके बाद बैंक ने जब इनके जमीन कागजात की जांच की तो वे जाली पाए गए। उधर, डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि बैक प्रबंधक ने मंगलौर के तोता राम, मंडी के पनाऊ निवासी लाभ सिंह, थलौट निवासी बिहारी लाल, पनारसा निवासी धनी राम, भुंतर के पिपआगे निवासी डोल राम, मंगलौर निवासी डोले राम, पनासरा निवासी रेवत राम और पनारसा निवासी अनिल पर फर्जी कागजात के आधार कृषि लोन लेने का आरोप लगाया है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी बिंदुओं को के ंद्र में रखकर जांच कर रही है। बैंक के कई कर्मचारी भी संदेह के घेरे में हैं। मामले की छानबीन का जिम्मा एएसआई राम लाल को सौंपा गया है।
