प्लॉट आवंटन में गोलमाल की जांच के आदेश

गोहर (मंडी)। बासा पंचायत में जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेले में प्लॉट आवंटन में हुए गोलमाल की जांच के आदेश एसडीएम गोहर ने दिए हैं। जिन लोगों ने प्लॉट ब्लैक में बेचे हैं, उन पर पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करने की तैयारी चल रही है। एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बासा पंचायत को इस मामले में कड़ा संज्ञान लेने के निर्देश दिए हैं। ख्योड़ मेले में प्लॉट आवंटन के समय कुछ लोगों ने हेराफेरी कर एक हजार में बिके प्लाट को ब्लैक में नौ हजार तक बेच दिया था। जिसका भंडाफोड़ होने के बावजूद बासा पंचायत ने कुछ नहीं किया। इस गड़बड़झाले के बाद अनेक व्यापारी मेला छोड़कर घर लौट गए हैं। जिससे मेला स्थल पर अनेक प्लॉट खाली दिखाई दे रहे हैं। इधर, बासा पंचायत प्रधान गायत्री देवी ने माना कि कलाकारों के कार्यक्रमों के लिए उनके पास निरंतर सिफारिशें आ रही है। एक बार फिर ख्योड़ मेले को प्रशासन के हाथों सौंपने की मांग जोर पकड़ने लगी है। एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान ने बताया कि ब्लैक में प्लॉट आवंटन मामले की शीघ्र जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बासा पंचायत प्रधान गायत्री देवी ने बताया कि पंचायत मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

Related posts