प्रोजेक्ट पर स्थिति साफ करें नेता

होली (चंबा)। मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों को एक खुला पत्र लिख कर प्रोजेक्ट को लकर उनकी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। जीएमआर की बजोली-होली परियोजना के निर्माण का विरोध कर रही महिलाओं व महिला मंडलों की सदस्य पिंकी देवी और बदामो देवी ने पत्र लिखा है। प्रत्याशियों को लिखे पत्र के साथ महिला मंडलों ने अन्य दस्तावेज भी संलग्न किए हैं। प्रत्याशियों को पत्र ई-मेल के माध्यम से भेजा गया है। महिला मंडलों ने मंडी संसदीय सीट से प्रत्याशी प्रतिभा सिंह, रामस्वरूप शर्मा, जय चंद, कुशाल भारद्वाज को पत्र लिखा है कि चंबा जिले के होली इलाके की महिलाएं पिछले 15 महीनों से जीएमआर कंपनी की बजोली-होली परियोजना का काम रोक कर विरोध कर रही हैं। इन दिनों वे परियोजना स्थल पर दिन-रात डेरा डालने के लिये मजबूर हैं। 25 मार्च को पुलिस ने 31 महिलाओ को झूठे इलजाम लगा कर गिरफ्तार कर लिया था। इस कंपनी के द्वारा परियोजना की टनल व पावर हाउस को रावी नदी के बंजर दाएं किनारे से बाएं आबादी वाले किनारे पर शिफ्ट करने का वे विरोध कर रही हैं। महिलाओं का कहना है कि प्रदेश भर में कई परियोजनाओ में टनल में लीकेज होने से साथ बसे गांवों को विस्थापित होना पड़ा है। उन्होंने इस परियोजना की मंजूरी देने के समय उनके कानूनी अधिकारों का हनन हुआ है। महिलाओं ने सवाल किया है कि राजनीतिक पार्टियों ने इस इलाके की पांच ग्राम पंचायतों के लगभग 10 हजार लोगों को प्रभावित करने वाली इस विनाशकारी परियोजना के बारे में चुप्पी क्यों साध रखी है। महिलाओं का कहना है कि प्रत्याशियों और उनकी पार्टी के नजरिए पर स्पष्टीकरण के लिए पत्र लिखा और इस पर तुरंत प्रतिक्रिया की अपेक्षा भी की है।

Related posts