प्रोजेक्ट को योजना आयोग की हरी झंडी

ऊना। स्वां नदी की सभी 73 सहायक खड्डों के चैनेलाइजेशन के लिए 922.48 करोड़ की योजना को शुक्रवार को दिल्ली में योजना आयोग द्वारा इन्वेस्टमेंट क्लीयरेंस प्रदान कर दी गई। योजना आयोग की हरी झंडी के साथ ही इस योजना को मूर्त रूप देने की तमाम औपचारिकताएं भी पूरी हो गई हैं। इस तटीयकरण योजना के क्रियान्वयन के बाद ऊना की सभी खड्डें चैनेलाइज होंगी। इससे बाढ़ का खौफ भी नहीं रहेगा। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रयास किए। समय-समय पर उन्होंने इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की।
उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी ऊना जिला के लिए इस ड्रीम प्रोजेक्ट को धरातल पर लाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। पिछले सप्ताह मुकेश दिल्ली में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री हरीश रावत से मिले थे। उन्होंने महत्वाकांक्षी योजना की इन्वेस्टमेंट क्लीयरेंस भी जल्दी प्रदान करने का आग्रह किया था ताकि योजना का पैसा खर्च करने की अनुमति मिलने पर कार्य तुरंत शुरू करवाया जा सके। आज जब योजना आयोग ने इस प्रोजेक्ट को इनवेस्टमेंट क्लीयरेंस प्रदान की तो मुकेश अग्निहोत्री भी इस सिलसिले में दिल्ली में ही थे।
यह प्रोजेक्ट लगातार आपत्तियों के कारण अधर में लटका हुआ था। बाद में सेंट्रल पावर रिसर्च स्टेशन, पुणे की मार्फत नए सिरे से इसका सर्वेक्षण करवा कर पुर्नसंशोधित विस्तृत डीपीआर तैयार करवाई गई। पूणे की टीम ने प्रदेश सरकार को यह रिपोर्ट 15 मार्च को सौंपी। प्रदेश सरकार ने इसे 20 अप्रैल 2013 को केंद्रीय जल आयोग को अनुमोदन के लिए सौंपा। पांच जून को राज्य सरकार की टेक्नीकल एडवाइजरी कमेटी ने इसे हरी झंडी दी। 20 जून को प्रदेश के वित्त विभाग ने इस योजना को अपनी वित्तीय सहमति भी प्रदान कर दी। भारत सरकार के बाढ़ प्रबंधन कार्यक्रम के तहत स्पांसर होने वाले इस प्रोजेक्ट की 90 फीसदी राशि केंद्रीय सहायता के रूप में भारत सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी और दस प्रतिशत राशि प्रदेश सरकार वहन करेगी।
दौलतपुर पुल से गगरेट पुल तक स्वां नदी का 11 किलोमीटर लंबा क्षेत्र चैनेलाइज होगा। इससे जिला की 6071.54 हेक्टेयर भूमि रिक्लेम होगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव (आईपीएच) विनीत चौधरी, इंजीनियर इन चीफ आरके शर्मा और ऊना जिला में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता एनएम सैणी की भी उद्योग मंत्री ने सराहना की है।

ऊना में खुशी का माहौल
इस प्रोजेक्ट को योजना आयोग की हरी झंडी मिलते ही ऊना में खुशी का माहौल है। हरोली से कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष राणा रणजीत सिंह, ऊना के ब्लाक अध्यक्ष हजारी लाल धीमान, कुटलैहड़ के ब्लाक अध्यक्ष रविंद्र फौजी, गगरेट, चिंतपूर्णी के ब्लाक अध्यक्ष समेत अन्य लोगों में जितेंद्र कुमार, अजय कुमार, राजपाल, कर्ण, संजीव शर्मा, अमित कुमार, राजेश कुमार आदि ने कहा कि खड्डें चैनेलाइज होने से किसानों को लाभ मिलेगा।

Related posts